रूद्रपुर में हाईवे चौड़ीकरण के दूसरे चरण की कवायद शुरू – महापौर विकास शर्मा ने प्रशासनिक अमले के साथ डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक किया सर्वे

0 4
Spread the love

रूद्रपुर में हाईवे चौड़ीकरण के दूसरे चरण की कवायद शुरू

– महापौर विकास शर्मा ने प्रशासनिक अमले के साथ डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक किया सर्वे

रुद्रपुर । शहर की धड़कन माने जाने वाले नैनीताल हाईवे पर वर्षों से लगने वाले जाम के झाम से जनता को स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन ने अब दूसरे चरण (फेज-2) की कवायद शुरू कर दी है। प्रथम चरण का कार्य अपने अंतिम पड़ाव पर पहुँचने के साथ ही अब डीडी चौक से लेकर अटरिया मोड़ तक सड़क को चौड़ा करने का खाका तैयार कर लिया गया है। शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा ने जिला प्रशासन, विकास प्राधिकरण और लोनिवि के आला अधिकारियों के साथ पूरे मार्ग का सघन निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की रूपरेखा पर व्यापक मंथन किया और अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।गौरतलब है कि करीब तीन माह पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप शहर को सुव्यवस्थित करने के लिए हाईवे चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया गया था। प्रथम चरण में इंदिरा चौक से डीडी चौक तक का काम अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। इस दौरान मार्ग में बाधक बनी पुराने रोडवेज बस अड्डे की जर्जर बिल्डिंग को जमींदोज कर दिया गया है और विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग जैसे पेचीदा काम भी लगभग पूरे हो चुके हैं। अब इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए दूसरे चरण में डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक की सड़क को विस्तार दिया जाएगा। शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम गौरव पाण्डे और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने संयुक्त रूप से इस पूरे स्ट्रेच का स्थलीय सर्वे किया। टीम ने पैदल चलकर सड़क के दोनों ओर की स्थिति देखी और उन अवरोधों व अतिक्रमण को चिन्हित किया जिन्हें हटाया जाना अनिवार्य है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने नवनिर्मित बस टर्मिनल के कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को दो टूक शब्दों में कहा कि टर्मिनल का काम जल्द पूरा कर इसे जनता के लिए समर्पित किया जाए ताकि शहर के भीतर बसों के कारण लगने वाले जाम पर लगाम लग सके। महापौर ने कहा कि फेज-2 का काम शुरू करने के लिए सभी संबंधित विभागों लोनिवि, विद्युत विभाग और विकास प्राधिकरण के साथ तालमेल बिठा लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चौड़ीकरण की जद में आने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा, क्योंकि शहर का विकास और आम जनता की सुविधा सर्वाेपरि है।

 

इस दौरान विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि अटरिया मोड़ से आदर्श कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी को जोड़ने के लिए मिनी बाईपास का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसकी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि यह मिनी बाईपास भविष्य में रुद्रपुर के लिए एक गेम-चेंजर साबित होगा और मुख्य हाईवे पर दबाव को काफी हद तक कम कर देगा। महापौर ने प्रतिबद्धता दोहराई कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में रुद्रपुर में विकास का यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है और आने वाले समय में मुख्य सड़कों के साथ-साथ आंतरिक सड़कों का जाल भी बिछाया जाएगा ताकि कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया जा सके। महापौर ने कहा कि विकास का यह सिलसिला थमने नहीं दिया जायेगा। सर्वे के दौरान नगर निगम और जिला विकास प्राधिकरण के कई वरिष्ठ अभियंता और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.