
कलयुगी बेटे ने पिता को लाठी-डंडों से पीटा, सिर फोड़ा; हालत गंभीर

(रिपोर्ट -सुमित शर्मा)

पिनाहट।बसई अरेला थाना के अंतर्गत ग्राम मानिकपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ महज घर की लाइट काटने के मामूली विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही वृद्ध पिता पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानिकपुर गांव निवासी उदयवीर सिंह के घर में बीती रात करीब 9:00 बजे बिजली काटने को लेकर पारिवारिक कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि उदयवीर के छोटे बेटे पप्पू ने आपा खो दिया। आरोप है कि पप्पू ने घर में रखे लाठी-डंडे उठाकर अपने पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
अचानक हुए इस हमले में वृद्ध उदयवीर के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा पप्पू मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने घायल उदयवीर को पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस मामले की छानबीन और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
