कारगिल के रणबांकुरों को श्रद्धांजलि,रक्तदान से मानवता की सेवा-श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का जज्बा

कारगिल के रणबांकुरों को श्रद्धांजलि,रक्तदान से मानवता की सेवा-श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का जज्बा


श्रीनगर गढ़वाल। देश की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले कारगिल के अमर शहीदों को याद करते हुए श्रीनगर मेडिकल कॉलेज परिसर शनिवार को राष्ट्रभक्ति,सेवा और समर्पण के अद्भुत संगम का साक्षी बना। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान मेडिकल कॉलेज में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर,वीर सैनिक सम्मान समारोह और वृक्षारोपण कार्यक्रम ने उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति के मन में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार किया। संस्थान के प्राचार्य प्रो.आशुतोष सयाना के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इनमें पूर्व सैनिक,वीर नारियां,वीरता पुरस्कार से सम्मानित सैनिक,सशस्त्र बलों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी एवं जवान,स्वास्थ्यकर्मी,छात्र-छात्राएं,सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि,आम नागरिक तथा श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भण्डारी भी शामिल रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सशस्त्र सीमा बल के उप महानिरीक्षक एस.सी.नेगी थे,जबकि द्वितीय कमान अधिकारी ललित शाह तथा जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष मेजर करण सिंह रावत सेवानिवृत्त विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर को अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला। शिविर में लगभग 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया,जो कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर संस्थान द्वारा आयोजित सबसे बड़े रक्तदान अभियानों में से एक माना जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि ने 15 वीर नारियों को उनके परिवारों के सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में सम्मानित किया। वहीं वीरता पुरस्कार से सम्मानित अधिकारी ललित शाह ने वीरता पदक प्राप्त पूर्व सैनिकों को उनके अदम्य साहस,उत्कृष्ट सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया। राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए संस्थान परिसर में 50 पौधों का रोपण भी किया गया। इन पौधों को कारगिल के वीर शहीदों की स्मृति को समर्पित किया गया,ताकि उनकी अमर गाथा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहे। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि कारगिल के शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान,पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा को प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व बताते हुए इन अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन,सशस्त्र बलों,केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों,स्वास्थ्य विभाग,विद्यार्थियों,स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय मेडिकोज संगठन के सहयोग से किया गया। आयोजन में डॉ.सौरभ सचर उपाध्यक्ष,डॉ.अमन भारद्वाज महासचिव तथा प्रो.दीपा हटवाल उप चिकित्सा अधीक्षक एवं रक्तकोष प्रभारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सभी अतिथियों,रक्तदाताओं,स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन सेवा,समर्पण,राष्ट्र निर्माण और मानवता के प्रति समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है। कार्यक्रम का समापन पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित संवाद एवं चाय-नाश्ते के साथ हुआ,जहां उपस्थित लोगों ने कारगिल युद्ध की स्मृतियों को साझा करते हुए देश के वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि राष्ट्रप्रेम,सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय सेवा का प्रेरणादायी संदेश बनकर उभरा।
