
80 वे स्वतंत्रता दिवस पर विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर में जगह-जगह किया ध्वजारोहण


आजादी के वीर सेनानियों के त्याग को नमन कर विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प
रुद्रपुर। देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया और क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत रहा और लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि का संकल्प लिया।
विधायक शिव अरोरा ने एलाइन्स कॉलोनी, फ्रेंड्स कॉलोनी, भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पार्टी कार्यकर्त्ताओ के साथ तथा ट्रांजिट कैंप स्थित जन्मभूमि स्कूल में ध्वजारोहण किया। सभी स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि देश आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आजादी के गौरवपूर्ण वातावरण में उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर है। यह दिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के प्रति राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा।
उन्होंने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। इसलिए इस अमूल्य स्वतंत्रता की विरासत को सुरक्षित रखना और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना ही हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
विधायक अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नए भारत’ के संकल्प के साथ देश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आधुनिक एवं अत्याधुनिक तकनीक, नवाचार और नए संसाधनों का प्रयोग करते हुए भारत ने विज्ञान, अंतरिक्ष, रक्षा, डिजिटल तकनीक, आधारभूत ढांचे, उद्योग और आत्मनिर्भरता सहित अनेक क्षेत्रों में सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। ये उपलब्धियां दुनिया के सामने तेजी से बदलते और आगे बढ़ते नए भारत की तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज का भारत अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ-साथ नई सोच, नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ भविष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
शिव अरोरा ने कहा कि युवाओं में देश को नई दिशा देने की अपार क्षमता है। युवा शक्ति को शिक्षा, तकनीक, नवाचार, खेल, रोजगार और सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है।
उन्होंने तिरंगे को भारत के गौरव, स्वाभिमान, त्याग, शौर्य और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि तिरंगा हमें सदैव राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम देश की एकता, अखंडता और गौरव को सदैव सर्वोच्च रखेंगे।
विधायक शिव अरोरा ने सभी क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रुद्रपुर से लेकर पूरे उत्तराखंड और देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशहाली आए तथा भारत विकसित, आत्मनिर्भर, सशक्त और विश्व का अग्रणी राष्ट्र बने—इसी संकल्प के साथ आज हम राष्ट्रध्वज को नमन कर स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री रामपाल, महामंत्री तरुण दत्ता, मीना शर्मा, फरजाना बेगम, अनिल चौहान, धीरेन्द्र मिश्रा, राजेश बजाज, के के दास, उपेंद्र चौधरी,राजेश डाबर, राजकुमार चौधरी, हरीश जल्होत्रा, राजकुमार मुंजाल, रोशन अरोरा, सुमित राय, मोनू निषाद, गुन्नू चौधरी,विवेक सक्सेना, पिंकी डिमरी, रेनू जुनेजा, के के त्रिपाठी, मोर सिंह,विजय तोमर, गजेंद्र प्रजापति, योगेश वर्मा, ममता त्रिपाठी, पिंकी चतुर्वेदी आदि लोग मौजूद रहे।
