काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, विभागों ने संभाला मोर्चा विद्युत विभाग के बाद जल संस्थान ने भी पानी की पाइप लाइन शिफ्टिंग, लाइन बिछाने का कार्य किया आरम्भ

काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, विभागों ने संभाला मोर्चा विद्युत विभाग के बाद जल संस्थान ने भी पानी की पाइप लाइन शिफ्टिंग, लाइन बिछाने का कार्य किया आरम्भ


रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण की दिशा में अब निर्माण कार्य ने तेजी पकड़ ली है। हाल ही में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद संबंधित विभागों ने अपने-अपने स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है, जिससे काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण की तस्वीर अब धरातल पर दिखाई देने लगी है।
अतिक्रमण हटाने के बाद विद्युत विभाग द्वारा मार्ग में आने वाले विद्युत पोलों को शिफ्ट करने एवं नए खंभे लगाने का कार्य किया जा रहा है। वहीं अब जल संस्थान ने भी पानी की पाइपलाइन को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत मार्ग के विभिन्न स्थानों पर गड्ढे खोदकर अंडरग्राउंड पानी की पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण के कार्य में विभागों की सक्रियता से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से जल्द राहत मिलेगी। बाईपास क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी।
विधायक शिव अरोरा का स्पष्ट विजन रहा है कि काशीपुर बाईपास को चौड़ा कर रुद्रपुर शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाई जाए और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। इसी उद्देश्य को लेकर लगातार विभागीय स्तर पर कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने के बाद अब विद्युत विभाग और जल संस्थान द्वारा अपने कार्यों को गति देने से चौड़ीकरण परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। आने वाले समय में यह मार्ग रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था को नई गति देने के साथ-साथ शहर के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
