मानदेय बढ़ने पर झूमे मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के उपनल कर्मचारी,सरकार और कॉलेज प्रशासन का जताया आभार

0 25
Siv arora
Spread the love

मानदेय बढ़ने पर झूमे मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के उपनल कर्मचारी,सरकार और कॉलेज प्रशासन का जताया आभार

श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के लिए लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर खुशी का माहौल है। समान कार्य-समान वेतन के उपरांत मानदेय में वृद्धि किए जाने से उत्साहित उपनल कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार,शासन,स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा मेडिकल कॉलेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। मानदेय में वृद्धि के बाद उपनल कर्मचारियों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत एवं वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा से मुलाकात कर उनका धन्यवाद एवं आभार जताया। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से वे मानदेय में वृद्धि की उम्मीद लगाए हुए थे। सरकार और शासन स्तर से उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय होने से कर्मचारियों को आर्थिक रूप से राहत मिलने के साथ ही कार्य के प्रति उत्साह भी बढ़ा है। इस अवसर पर उपनल कर्मचारी प्रमोद पंवार और सुनील कठैत ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से मानदेय बढ़ाए जाने की मांग कर रहे थे। अब मानदेय में वृद्धि होने से कर्मचारियों को अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने कहा कि उपनल कर्मचारी मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और मानदेय वृद्धि से उनके मनोबल में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय में वृद्धि एक महत्वपूर्ण निर्णय है। इससे कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए और अधिक प्रेरित होंगे। उपनल कर्मचारियों ने मानदेय वृद्धि के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल,शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत,चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ.आशुतोष सयाना,राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत तथा वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। कर्मचारियों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में उपनल कर्मचारियों की सेवाएं स्वास्थ्य व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में मानदेय में वृद्धि कर्मचारियों के हित में उठाया गया सराहनीय कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कर्मचारियों की समस्याओं और हितों पर सरकार एवं कॉलेज प्रशासन इसी तरह सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएगा। मानदेय वृद्धि के बाद कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कर्मचारियों ने कहा कि आर्थिक सुरक्षा और सम्मान की भावना से कार्यक्षमता में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सरकार एवं कॉलेज प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे मरीजों और संस्थान के हित में अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी,मेहनत और निष्ठा के साथ निर्वहन करते रहेंगे। इस अवसर पर गारिमा बहुगुणा,अनिल चंद्रा,सुखचैन,सूरज,गजेंद्र,सरोज,रेवती राणा,संजय रावत,अलका राणा,योगेंद्र सिंह,मनीष,जगत सिंह बर्थवाल,गोपाल सिंह,गजपाल सिंह,राकेश सिंह बुटोला,कुलदीप लाल,महेश प्रसाद,नरेश प्रसाद भट्ट,सुरवीर सिंह,सोनू कुमार,कृष्णा लाल,विनीत कुमार,संग्राम सिंह सहित बड़ी संख्या में उपनल कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.