SIR बैठक के बाद सियासी टकराव तेज, कांग्रेस ने एसएसपी कार्यालय घेरा

0 9
Siv arora
Spread the love

SIR बैठक के बाद सियासी टकराव तेज, कांग्रेस ने एसएसपी कार्यालय घेरा

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। सोमवार को रुद्रपुर कलेक्ट्रेट में हुई SIR बैठक के दौरान भाजपा नेताओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने एसएसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।

सोमवार को रुद्रपुर कलेक्ट्रेट में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में SIR को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया समेत प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान विधायक शिव अरोड़ा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। मामले के बाद जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी की तहरीर पर पंतनगर थाने में राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

मुकदमे की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए एसएसपी कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग की। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर कार्यालय परिसर में प्रवेश किया और वहीं धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस नेताओं ने राजकुमार ठुकराल के खिलाफ की गई कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए विवाद में शामिल अन्य नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कथित गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो SIR से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.