महापौर ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत फहराया तिरंगा



रुद्रपुर।( उपभोक्ता खबर) स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में महापौर विकास शर्मा ने अपने आवास पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ हुए इस अभियान को राष्ट्रभक्ति का जनांदोलन् बताते हुए कहा कि यह न केवल हर नागरिक के दिल में देश के प्रति प्रेम को और प्रगाढ़ कर रहा है, बल्कि हमारी एकता और अखंडता का भी सशक्त संदेश दे रहा है।
महापौर शर्मा ने कहा तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है। यह हमें हमारे उन वीर सपूतों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने हंसते-हंसते मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। हम सभी का कर्तव्य है कि उनके बलिदान को हमेशा स्मरण रखें और देश की प्रगति में अपना योगदान दें। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हर नागरिक अपने घर, कार्यालय, दुकान एवं प्रतिष्ठान पर तिरंगा गर्व और सम्मान के साथ फहराए। साथ ही इस अवसर पर परिवार के छोटे-बड़े सभी सदस्य राष्ट्रध्वज के महत्व और उसकी मर्यादा के बारे में नई पीढ़ी को अवश्य बताएं।
महापौर ने कहा कि आजादी का यह पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि यह हमें एकजुट होकर देश के विकास, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा जब हमारा तिरंगा लहराता है तो वह न केवल हमारी उपलब्धियों का प्रतीक होता है, बल्कि हमें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की ताकत भी देता है।
इस दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर पूरा शहर तिरंगे के रंगों में रंगा दिखे, यह वीर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Comments are closed.