जीओ जारी होने के एक घंटे के भीतर नगर निगम कर्मचारियों को मिली दिवाली का तोहफा – महापौर की तत्परता से जारी हुआ कर्मचारियों को बोनस
जीओ जारी होने के एक घंटे के भीतर नगर निगम कर्मचारियों को मिली दिवाली का तोहफा
– महापौर की तत्परता से जारी हुआ कर्मचारियों को बोनस

रुद्रपुर। (उपभोक्ता खबर) दिवाली से पहले उत्तराखंड सरकार द्वारा जारी किए गए बोनस आदेश के तुरंत बाद रुद्रपुर नगर निगम में एक अद्भुत तत्परता का उदाहरण सामने आया है। महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने राज्य सरकार के आदेश जारी होने के महज एक घंटे के भीतर नगर निगम के कर्मचारियों को दिवाली बोनस की राशि जारी कर दी।
बुधवार दोपहर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन द्वारा कर्मचारियों के लिए दिवाली बोनस और महंगाई भत्ते की घोषणा की गई। इस आदेश के अनुसार प्रदेश के 2.50 लाख से अधिक कर्मचारियों को 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता और अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस दिया जाना था।जैसे ही शासन से जीओ (सरकारी आदेश) जारी हुआ, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त के साथ बैठक की। बैठक में बोनस वितरण की प्रक्रिया को तत्काल प्रारंभ किया गया। सभी कागजी कार्रवाई और आवश्यक अनुमोदन केवल एक घंटे में पूरा करते हुए नगर निगम ने कर्मचारियों को प्रति व्यक्ति लगभग 6900 की बोनस राशि जारी कर दी, जो सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।महापौर विकास शर्मा ने इस मौके पर कहा कर्मचारी हमारे निगम की रीढ़ हैं। उनका उत्साहवर्धन और उनके हितों की रक्षा करना हमारी प्राथमिकता है। सरकार द्वारा जारी आदेशों को यथाशीघ्र लागू करना हमारी जिम्मेदारी है, और हमें खुशी है कि हम दिवाली से पहले यह सौगात कर्मचारियों तक पहुँचा सके।
नगर आयुक्त ने भी इस प्रक्रिया में तेजी से कार्य करते हुए समस्त प्रशासनिक पहलुओं को शीघ्रता से पूर्ण किया। इस निर्णय से निगम कर्मचारियों में उत्साह और आभार की लहर दौड़ गई। कर्मचारियों ने महापौर और नगर आयुक्त के प्रति धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि यह पहला अवसर है जब इतनी शीघ्रता से बोनस की राशि प्राप्त हो रही है।
Comments are closed.