ईदुलजुहा को लेकर प्रशासन अलर्ट

जसपुर ।आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले ईद उल जुहा पर्व को लेकर जसपुर कोतवाली पुलिस प्रशासन ने मुस्लिम समाज के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
ईद उल जुहा के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन की ओर से त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने त्योहार के दिन पानी और बिजली की समस्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया, जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। बैठक में मौजूद मुस्लिम समाज के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस एवं प्रशासन को आश्वस्त किया कि ईद उल जुहा का पर्व पूरी तरह अमन और शांति के साथ मनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी जाएगी और शहर की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने भी सभी लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
Comments are closed.