चौबीस घंटे के भीतर खुलासा,3.17 लाख नकदी बरामद

0 19
Siv arora
Spread the love

चौबीस घंटे के भीतर खुलासा,3.17 लाख नकदी बरामद

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में कार्यालय का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 3 लाख 17 हजार 500 रुपये की नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले का खुलासा एसपी सिटी मनोज कत्याल ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ- मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और पंजीकृत मुकदमों के त्वरित खुलासे के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस चोरी की घटना का सफल अनावरण किया। उन्होंने बताया कि 27 मई 2026 को विक्रम सिंह कनवाल निवासी हिम्मतपुर तल्ला, हल्द्वानी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया था कि बच्चीनगर नंबर-1 स्थित उनके कार्यालय का शटर उखाड़कर अज्ञात चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू करते हुए आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तलाश शुरू कर दी। 28 मई को पुलिस टीम ने लामाचौड़ खास क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू पुत्र डोरी लाल निवासी कालिका कॉलोनी, लोहारियासाल तल्ला, पोस्ट ऑफिस काठघरिया, हल्द्वानी के रूप में हुई। आरोपी मूल रूप से बरखेड़ा थाना क्षेत्र, जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 3 लाख 17 हजार 500 रुपये नकद तथा वादी का आधार कार्ड बरामद किया। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों और थानों से जुटाई जा रही है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल रोहित और कांस्टेबल पूरन सिंह शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.