थलीसैंण में कैबिनेट मंत्री ने उठाया झाडू-स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

0 16
Siv arora
Spread the love

थलीसैंण में कैबिनेट मंत्री ने उठाया झाडू-स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वच्छ और सुंदर नगर की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से नगर पंचायत थलीसैंण में गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने स्वयं श्रमदान कर जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों,कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कैबिनेट मंत्री के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान थलीसैंण के बस स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कर्मचारियों ने भी श्रमदान करते हुए सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने की अपील की गई। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है,बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब जनप्रतिनिधि,अधिकारी और आम नागरिक मिलकर स्वच्छता के लिए आगे आते हैं,तभी स्थायी रूप से स्वच्छ वातावरण का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को साफ रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। घर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र,बाजार,सड़क और सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखने की आदत विकसित करनी होगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। स्वच्छता अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों,नगर पंचायत के कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। अभियान के दौरान सभी ने मिलकर बस स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। अभियान में उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी,अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप,खंड विकास अधिकारी टीकाराम,बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत,वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र रावत,भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद रावत,नगर पंचायत सभासद दिलीप नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अभियान के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नियमित साफ-सफाई के साथ लोगों की जागरूकता भी जरूरी है। केवल सरकारी स्तर पर चलाए जाने वाले अभियान से स्वच्छता का लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता। स्थानीय नागरिकों को भी अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी समझनी होगी। कैबिनेट मंत्री द्वारा स्वयं श्रमदान किए जाने से अभियान में शामिल जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों में भी उत्साह दिखाई दिया। अभियान के माध्यम से थलीसैंण को स्वच्छ,सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। अभियान में शामिल लोगों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने और सार्वजनिक स्थानों को गंदगी से मुक्त रखने का संकल्प भी लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.