पिनाहट में सर्राफा दुकान की छत काटकर घुसे चोर, डबल लॉक ने बचाई तिजोरी 50 वर्ष पुरानी ज्वैलर्स की दुकान को चोरों ने बनाया निशाना,

पिनाहट में सर्राफा दुकान की छत काटकर घुसे चोर, डबल लॉक ने बचाई तिजोरी

50 वर्ष पुरानी ज्वैलर्स की दुकान को चोरों ने बनाया निशाना,
शटर का ताला न टूटने से चोरी की बड़ी वारदात टली; पुलिस जांच में जुटी
(रिपोर्ट -सुमित शर्मा)

पिनाहट।कमिश्नरेट आगरा के थाना पिनाहट कस्बा क्षेत्र के अंतर्गत रामलीला रोड स्थित एक प्रतिष्ठित सर्राफा दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाने का प्रयास किया। चोर दुकान की पिछली छत के रास्ते किवाड़ और जंगला तोड़कर भीतर दाखिल हुए, लेकिन शटर के मजबूत डबल लॉक (ताले) के कारण एक बड़ी चोरी की वारदात होने से बाल-बाल बच गई। घटना से क्षेत्र के सर्राफा व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा पिनाहट के मोहल्ला निवासी नवल किशोर पुत्र रामजी लाल की रामलीला रोड पिनाहट मार्केट में “रामजी लाल नवल किशोर ज्वैलर्स” के नाम से पिछले 50 वर्षों से दुकान है। पीड़ित नवल किशोर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार/शनिवार की दरमियानी रात को अज्ञात चोर दुकान की पिछली छत के रास्ते ऊपर चढ़ आए। चोरों ने ऊपर के दो किवाड़ और एक जंगला (लोहे की ग्रिल) को तोड़ दिया और दुकान के अंदर नीचे उतर आए।
एक महीने में दूसरी बार प्रयास
पीड़ित सर्राफा व्यवसायी
नवल
किशोर ने बताया कि चोरों द्वारा उनकी दुकान को निशाना बनाने का यह कोई पहला प्रयास नहीं है। इससे पूर्व बीते महीने की 26 मई को भी अज्ञात बदमाशों द्वारा दुकान का जंगला तोड़ा गया था।
दुकान के अंदर दाखिल होने के बाद शातिर चोरों ने तिजोरी तक पहुँचने के उद्देश्य से अंदर लगे मुख्य शटर का ताला तोड़ने का कड़ा प्रयास किया। परंतु दोनों तरफ से बेहतरीन ढंग से लॉक (सेंटर और साइड लॉक) होने के कारण चोर शटर को खोलने में पूरी तरह नाकाम रहे। शटर का लॉक नहीं टूटने के कारण चोर दुकान के अंदर रखे लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी करने से महरूम रह गए और उन्हें खाली हाथ ही भागना पड़ा।
सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो पीड़ित व्यवसायी ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। पीड़ित ने थाना प्रभारी पिनाहट को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने, मामले का पर्दाफाश करने और आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
