
चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल, दोनों आगरा रेफर

राजाखेड़ा से निमंत्रण में जा रहे थे बीधापुरा, छतोलीपुरा गांव के पास हुआ हादसा
पिनाहट सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने किया हायर सेंटर रेफर
(रिपोर्ट -सुमित शर्मा)

पिनाहट ।क्षेत्र के छतोली पुर गांव के पास शनिवार शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल सवार मां-बेटे को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस द्वारा दोनों घायलों को तत्काल पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। जहां दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दरवापुरा निवासी प्रीतम सिंह (28) पुत्र महेश अपनी मां सुखदेवी (50) पत्नी महेश चंद्र के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक निमंत्रण में शामिल होने के लिए पिनाहट के गांव बीधापुरा जा रहे थे।
जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल पिनाहट क्षेत्र के छतोली पुर गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आरोपी चालक वाहन सहित मौके से भागने में सफल रहा।
सीएचसी के डॉक्टरों के मुताबिक, मां और बेटे दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। अत्यधिक खून बह जाने और नाजुक स्थिति को देखते हुए दोनों को ही आगरा रेफर किया गया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच और फरार वाहन की तलाश में जुट गई है।
