
घर के बाहर से चोरी हुई ईको गाड़ी, पेट्रोल खत्म होने पर चोर सड़क किनारे छोड़ भागे, पुलिस ने की बरामद

(रिपोर्ट- सुमित शर्मा)

पिनाहट । कस्बा पिनाहट में शनिवार को दिनदहाड़े घर के बाहर खड़ी एक ईको गाड़ी को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस तुरंत एक्शन में आई और सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने गाड़ी को पिनाहट-भदरौली मार्ग से लावारिस हालत में बरामद कर लिया है। गाड़ी में पेट्रोल खत्म होने की वजह से चोर उसे रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पिनाहट कस्बे के मौहल्ला मार दाऊजी मंदिर के पीछे रहने वाले दर्शनलाल शर्मा ने करीब तीन महीने पहले अपनी बेटी के नाम से एक सिल्वर रंग की ईको गाड़ी खरीदी थी। शनिवार 06 जून को यह गाड़ी उनके घर के बाहर ही खड़ी थी, तभी दिन के समय किसी अज्ञात चोर ने इसे चुरा लिया।
जब परिजनों को गाड़ी गायब होने की जानकारी हुई, तो उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की। लेकिन काफी प्रयास के बाद भी जब गाड़ी का कहीं कोई पता नहीं चला, तो पीड़ित दर्शनलाल ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी
तहरीर मिलने के तुरंत बाद पिनाहट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और गाड़ी की तलाश में टीमें रवाना कर दीं। पुलिस द्वारा चारों तरफ की गई घेराबंदी और खोजबीन का असर यह हुआ कि शाम को करीब 7:00 बजे पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस टीम को यह गाड़ी पिनाहट-भदरौली मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी मिली
गाड़ी मालिक दर्शनलाल के मुताबिक, जब गाड़ी चोरी हुई तब उसमें पेट्रोल काफी कम था। पुलिस का अनुमान है कि चोरी करने के बाद भाग रहे चोरों की गाड़ी का पेट्रोल रास्ते में ही खत्म हो गया। पुलिस की सक्रियता और पेट्रोल खत्म होने के डर से चोर पकड़े जाने के भय से गाड़ी को लावारिस हालत में सड़क किनारे ही छोड़कर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
