लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली में बीडीए का बड़ा एक्शन, खुद सड़कों पर उतरीं उपाध्यक्ष बरेली में दो होटल सील, कोचिंग सेंटर, शापिंग मॉल, कामर्शियल भवनों की परखी सुरक्षा व्यवस्था

0 50
Siv arora
Spread the love

लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली में बीडीए का बड़ा एक्शन, खुद सड़कों पर उतरीं उपाध्यक्ष

 

 

बरेली में दो होटल सील, कोचिंग सेंटर, शापिंग मॉल, कामर्शियल भवनों की परखी सुरक्षा व्यवस्था

 

फायर एनओसी, इलेक्ट्रिकल मानकों, बगैर बीडीए स्वीकृत मानचित्र वाले कामर्शियल भवनों को नोटिस जारी*

 

 

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय बोलीं, सुरक्षा से समझौता नहीं, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई*

 

 

आग से पहले बरेली में अलर्ट, सीएम के निर्देश पर बीडीए उपाध्यक्ष की अगुवाई में चला फायर सेफ्टी अभियान*

 

बरेली,। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी और डीएम अविनाश सिंह के मार्गदर्शन में बरेली में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के नेतृत्व में बड़ा अभियान चलाया गया। मंगलवार को बीडीए उपाध्यक्ष खुद मैदान में उतरीं और प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम, अग्निशमन विभाग तथा पुलिस बल के साथ शहर के कोचिंग सेंटरों, मॉल, जिम, अस्पतालों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले दो होटलों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई, जबकि कई संस्थानों को कमियां दूर करने के लिए नोटिस और चेतावनी जारी की गई।

बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि संयुक्त टीम ने विशेष रूप से उन संस्थानों को जांच के दायरे में लिया जो घनी आबादी वाले क्षेत्रों और संकरी गलियों में संचालित हो रहे हैं। जांच के दौरान मैट्रिक्स जिम (कैलाश टावर, सिविल लाइंस), फिजिक्स वाला विद्यापीठ कोचिंग सेंटर, विशाल मेगामार्ट सिविल लाइंस, आकाश कोचिंग सेंटर चौकी चौराहा, एलए सिटी सेंटर मॉल, महेन्द्रा कोचिंग रामपुर गार्डन, डिवाइन क्लासेज, तक्षशिला कोचिंग, विनटैक लाइब्रेरी, गुरुकुल क्लासेज, अरिहंत क्लासेज समेत कई अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

 

*बिना मानचित्र और फायर एनओसी के चल रहे दो होटल सील*

 

सैटेलाइट बस स्टैंड के पास पीलीभीत बाईपास रोड स्थित होटल रजानी और होटल सैटेलाइट बगैर मानचित्र स्वीकृति के संचालित हो रहे थे। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान, होटल, कोचिंग सेंटर या मॉल को सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिन संस्थानों में कमियां मिली हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि किसी भी संभावित अग्निकांड या दुर्घटना को रोका जा सके। लखनऊ हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क

है।

*फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी और बगैर बीडीए स्वीकृत मानचित्र समेत सात मानकों पर हुई चेकिंग*

 

अभियान के दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक संस्थान में अग्नि सुरक्षा और भवन मानकों की गहन पड़ताल की। इसमें भवन का मानचित्र बीडीए से स्वीकृत है या नहीं। लिफ्ट निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप संचालित हो रही है या नहीं। अग्निशमन विभाग से फायर एनओसी प्राप्त है या नहीं।

फायर अलार्म सिस्टम कार्यशील है या नहीं। फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य उपकरण चालू स्थिति में हैं या नहीं तथा उनकी वैधता समाप्त तो नहीं हो चुकी। आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) उपलब्ध है या नहीं। आग लगने अथवा अन्य आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्था है या नहीं। बीडीए उपाध्यक्ष के साथ सीओ प्रथम आशुतोष शिवम, सीएफओ मनु शर्मा समेत बीडीए प्रवर्तन दल की टीम उपस्थित रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.