युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स को दिया गया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण।

6

 युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स को दिया गया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण।

 

खटीमा, ऊधम सिंह नगर । राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “युवा आपदा मित्र योजना” के अंतर्गत तथा सचिव, उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) एवम् जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशानुसार जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के समन्वय से 05 यूके बटालियन एनसीसी नेवल के कैडेट्स का 07 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सिटी कॉन्वेंट स्कूल खटीमा में आयोजित किया जा रहा है।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 24 एवं 25 सितंबर को उमाशंकर नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी द्वारा प्रशिक्षणार्थी एनसीसी कैडेट्स को आपदा प्रबंधन में Incident Response System (IRS) की महत्वपूर्ण भूमिका, आपदा के दौरान विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया एवं प्रभावी संसाधन प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

 

प्रशिक्षण दौरान श्री नेगी द्वारा आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अपने व्यावहारिक अनुभवों एवं मैदानी कार्यों को कैडेट्स के साथ साझा करते हुए आपदा के समय अनुशासन, टीमवर्क एवं त्वरित निर्णय लेने के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला गया।

 

इसके पश्चात मास्टर ट्रेनर नवीन चंद्र द्वारा कैडेट्स को भूकंप एवं वनाग्नि जैसी आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, बचाव उपायों तथा प्राथमिक प्रतिक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

 

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रैपलिंग का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे उन्हें ऊंचाई एवं दुर्गम स्थानों पर बचाव कार्यों के दौरान आवश्यक तकनीकों की जानकारी प्राप्त हुई। इसके साथ ही कैडेट्स को प्राथमिक उपचार (First Aid) का प्रशिक्षण देते हुए घायल एवं प्रभावित व्यक्तियों को आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के आवश्यक तरीकों से अवगत कराया गया।

 

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 50 एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। प्रशिक्षण टीम में नवीन चंद्र, मास्टर ट्रेनर, खोज एवं बचाव, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल, एसडीआरएफ टीम, जनपद नैनीताल तथा उमाशंकर नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, ऊधम सिंह नगर द्वारा प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आपदा के प्रति जागरूक, प्रशिक्षित एवं सक्षम बनाना तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव कार्यों में प्रभावी सहयोग देने हेतु तैयार करना है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से युवाओं में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, सामुदायिक सहभागिता एवं मानवीय सहायता की भावना को भी सुदृढ़ करना है।

 

— जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण

ऊधम सिंह नगर

Comments are closed.