दुष्कर्म मामले में भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए, दूसरी युवती के आरोपों से केस में आया नया मोड़

दुष्कर्म मामले में भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए, दूसरी युवती के आरोपों से केस में आया नया मोड़


नैनीताल। भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को दुष्कर्म, जबरन शारीरिक संबंध बनाने और अन्य गंभीर आरोपों से जुड़े मामले में जिला न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए।
मामले की जांच के दौरान उस समय नया मोड़ आ गया, जब एक अन्य युवती भी सामने आई और उसने भी आरोपी पर शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए। युवती के न्यायिक बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ दी हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा यदि जांच में अन्य शिकायतें या साक्ष्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त होने वाले साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और मामले का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि अथवा अन्य कानूनी पहलुओं पर अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
