अवैधानिक लेऑफ के खिलाफ में भगवती (Micromax) के श्रमिकों का प्रदर्शन

0 7
Siv arora
Spread the love

अवैधानिक लेऑफ के खिलाफ में भगवती (Micromax) के श्रमिकों का प्रदर्शन

रुद्रपुर 03 जुलाई। भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड पंतनगर में अचानक घोषित अविधिक लेऑफ रद्द करवाने और न्यूनतम वेतनमान लागू करवाने को लेकर श्रमिकों ने कंपनी गेट पर प्रदर्शन किया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि एक तरफ भगवती प्रबंधन ने गैर कानूनी रूप से प्लांट के एक हिस्से को मंजुश्री कंपनी को किराए पर दे दिया, तो दूसरी तरफ श्रमिकों को अविधिक लेऑफ देकर उनके पेट पर लात मार दी।

 

भगवती इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष श्री नंदन सिंह ने कहा कि न्यूनतम वेतन मान लागू करने का औद्योगिक विवाद जारी है। इस बीच प्रबंधन ने अचानक प्लांट में एक नोटिस चस्पा करके दिनांक 01 जुलाई 2026 से 14 अगस्त 2026 तक की लंबी अवधि के लिए अविधिक लेऑफ घोषित कर दिया। इससे पहले से ही बेहद कम वेतन की मार झेलते भगवती श्रमिकों के लिए बेहद संकट पूर्ण स्थिति पैदा हो गई है।

 

उपाध्यक्ष पूजा पांडे ने कहा कि भगवती प्रबंधन द्वारा 27 दिसंबर 2018 को ऐसे ही अचानक अविधिक रूप से 303 श्रमिकों की छंटनी कर दी गई थी, 47 श्रमिकों को अवैध लेऑफ देकर लंबे समय तक बैठा रखा गया था तथा एक श्रमिक को निलंबित कर दिया गया था। लंबे संघर्ष के बाद माननीय औद्योगिक न्यायाधिकरण हल्द्वानी और माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल से श्रमिकों की जीत हुई थी। 13 जुलाई 2023 को माननीय उच्चतम न्यायालय में समझौता के बाद प्लांट पुनः शुरू हुआ था।

 

श्री लोकेश पाठक ने कहा कि प्लांट पुनः शुरू होने के बाद प्रबंधन ने बड़े ही सचेतन ढंग से धीरे धीरे कंपनी में काम लाना कम किया, उत्पादन को धीरे-धीरे बंद कियाऔर रॉ मैटेरियल को भी पंतनगर से भिवानी (राजस्थान) प्लांट में शिफ्ट कर दिया। और अब उसने मनगढ़ंत कहानी लिखकर पुनः लेऑफ घोषित कर दिया है, जो कि गैरकानूनी है।

 

इस दौरान प्रदर्शन में राहुल सिंह, सुनील कुमार, गणेश मेहरा, प्रमोद फूलारा, महेश पाल, प्रकाश चंद्र,नरेंद्र मेहरा , गोपाल भट्ट, राजेश टम्टा, नीरज जोशी, कुलदीप टम्टा, गोधन लाल आदि दर्जनों श्रमिकों ने भागीदारी की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.