महापौर ने स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छ और सुरक्षित रुद्रपुर का संकल्प दोहराया – स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम समेत विभिन्न स्थानों पर किया ध्वजारोहण

0 10
Siv arora
Spread the love

महापौर ने स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छ और सुरक्षित रुद्रपुर का संकल्प दोहराया

– स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम समेत विभिन्न स्थानों पर किया ध्वजारोहण

रुद्रपुर। नगर निगम सभागार में 80वां स्वतंत्रता दिवस सादगी और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने ध्वजारोहण कर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। महापौर ने नगर निगम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इससे पहले उन्होंने गांधी पार्क, लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल और सेंट मैरी स्कूल में भी ध्वजारोहण किया।

 

नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम इस बार निगम की सफाई कर्मचारी के इकलौते पुत्र अभिषेक वाल्मीकि की सड़क हादसे में हुई दुखद मृत्यु के चलते सादगी से आयोजित किया गया। ध्वजारोहण के बाद अभिषेक वाल्मीकि को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इससे पहले गांधी पार्क में वंदेमातरम् संगठन की ओर से आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भी महापौर ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर अभिषेक वाल्मीकि को श्रद्धांजलि दी गई।

 

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश को आजादी दिलाई। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें उन महान आत्माओं के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि आजादी की रक्षा करना और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

 

महापौर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लेने का अवसर देता है। देश की प्रगति केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता से संभव है। हमें देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करना होगा।

 

उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट शहर बनाने का है। इसके लिए निगम स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी हम सभी की जिम्मेदारी है। पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की देखभाल करना भी जरूरी है।

 

अभिषेक वाल्मीकि की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर दुख व्यक्त करते हुए महापौर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी किसी परिवार को होने वाली बड़ी क्षति से बचा सकती है।

 

महापौर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने शहर को स्वच्छ रखने, पर्यावरण की रक्षा करने, यातायात नियमों का पालन करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। यही स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी तथा पार्षद पवन राणा, मानवेंद्र, बीनू, विक्की, राजेश जग्गा, अशफाक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.