जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ रुद्रपुर, विधायक शिव अरोड़ा ने विभिन्न जगह आयोजित कार्यक्रम मे की सहभागिता

0 7
Siv arora
Spread the love

जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ रुद्रपुर, विधायक शिव अरोड़ा ने विभिन्न जगह आयोजित कार्यक्रम मे की सहभागिता

रुद्रपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित जन्माष्टमी समारोहों में सहभागिता करते हुए भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के साथ मिलकर कान्हा के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।

31वीं और 46वीं पीएसी वाहिनी में रंगारंग कार्यक्रमों में सहभागिता

विधायक शिव अरोड़ा ने 31वीं पीएसी वाहिनी में आयोजित भव्य एवं रंगारंग श्री कृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान भगवान श्री कृष्ण एवं राधा के स्वरूपों की आकर्षक प्रस्तुतियों और धार्मिक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। उन्होंने कलाकारों एवं आयोजन से जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद विधायक ने 46वीं पीएसी वाहिनी में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम में भी सहभागिता की और भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना कर सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

पुलिस लाइन में एसएसपी अजय गणपति के साथ की सहभागिता

पुलिस लाइन में आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी समारोह में विधायक शिव अरोड़ा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के साथ सहभागिता की। यहां उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की आरती में शामिल होकर विधिवत पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं से खचाखच भरे परिसर में जय श्री कृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

दुर्गा मंदिर में भगवान श्री कृष्ण की आराधना

विधायक शिव अरोड़ा ने मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम में भी पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण का पूजन किया। उन्होंने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

खेड़ा संतोषी माता मंदिर में भी पहुंचे विधायक

खेड़ा स्थित संतोषी माता मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में भी विधायक शिव अरोड़ा ने सहभागिता की। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना कर धार्मिक कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

इस्कॉन के भव्य आयोजन में उठाई भगवान की पालकी

सिटी क्लब में इस्कॉन द्वारा आयोजित भव्य एवं दिव्य श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में विधायक शिव अरोड़ा विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की पालकी को अपने सिर पर धारण कर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सहभागिता की। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच भगवान श्री कृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

उन्होंने यहां भगवान श्री कृष्ण की आरती में भी सहभागिता की। विशाल दीपमाला से आरती करते हुए विधायक शिव अरोड़ा ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान की आराधना की।

मेट्रोपोलिस क्लब में समिति के आयोजन में सहभागिता

मेट्रोपोलिस समिति द्वारा मेट्रोपोलिस क्लब में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में भी विधायक शिव अरोड़ा पहुंचे। उन्होंने आयोजन में सहभागिता करते हुए भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना की और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

एलाइंस कॉलोनी में केक काटकर मनाया कान्हा का जन्मोत्सव

एलाइंस कॉलोनी में आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में विधायक शिव अरोड़ा ने सहभागिता की। यहां उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव पर केक काटकर श्रद्धालुओं के साथ खुशी मनाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे और भगवान श्री कृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजायमान रहा।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा ने समस्त क्षेत्रवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन हमें धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण ने कर्म, सत्य और धर्म का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्री कृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का पर्व है। भगवान श्री कृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे और रुद्रपुर विधानसभा सहित समस्त क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली का वास हो, यही उनकी कामना है।

रुद्रपुर में अलग-अलग स्थानों पर हुए इन आयोजनों में भगवान श्री कृष्ण की मनमोहक झांकियां, भजन-कीर्तन, आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने देर रात तक भक्ति और उल्लास के साथ कान्हा के जन्मोत्सव का आनंद लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.