जनता के बीच सरकार, 33 विभागों का मेगा सेवा शिविर, मंत्री गणेश जोशी ने मौके पर निपटाईं शिकायतें

0 60
Siv arora
Spread the love

जनता के बीच सरकार, 33 विभागों का मेगा सेवा शिविर, मंत्री गणेश जोशी ने मौके पर निपटाईं शिकायतें

 

भिलाडू स्टेडियम निर्माण का रास्ता साफ, सूखे पेड़ों पर तत्काल कार्रवाई और समाज कल्याण विभाग को दो दिन कैंप लगाने के निर्देश

मसूरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण-जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत सोमवार को कुलड़ी स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय सेवा शिविर में सरकार सचमुच जनता के द्वार नजर आई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने शिविर का शुभारंभ किया। 33 विभागों के अधिकारियों ने एक ही छत के नीचे सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पेंशन, आयुष्मान, आधार, राशन कार्ड, प्रमाण पत्र, बैंक ऋण, रोजगार, महिला एवं किसान कल्याण योजनाओं सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण भी किया गया।

शिविर का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी स्वयं आम लोगों के बीच बैठे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता की सेवा के लिए हैं, इसलिए किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। जनहित से जुड़ी कोई भी फाइल लंबित नहीं रहनी चाहिए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

शिविर के दौरान मंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मसूरी क्षेत्र में सूख चुके अथवा लोगों के लिए खतरा बने पेड़ों की प्राथमिकता के आधार पर लॉपिंग और आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। वहीं समाज कल्याण विभाग को दो दिन तक मसूरी में विशेष कैंप लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के पांच वर्ष सेवा, सुशासन और जनसमर्पण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर नई मिसाल पेश की है। इसके अलावा नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, सशक्त भू-कानून और मदरसा बोर्ड को समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं तथा महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया गया है। मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन संवेदनशील सरकार आपदा के समय तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर पीड़ितों तक सहायता पहुंचाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि जनता की मांग को देखते हुए ऐसे बहुउद्देशीय सेवा शिविर आने वाले महीनों में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक मिल सके। राजनीतिक सवालों पर गणेश जोशी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि काउंटडाउन उन लोगों के लिए शुरू हुआ है जो जनता के बीच नहीं रहते। हम लगातार जनता के बीच हैं और जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है।ष् मसूरी के विकास को लेकर उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि भिलाडू स्टेडियम निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिल चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने इसे अपने प्रमुख संकल्पों में शामिल बताते हुए कहा कि स्टेडियम बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कैविनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को शुभकामनाएं देते हुए मंत्री ने कहा कि पार्टी ने युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया है और उन्हें विश्वास है कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत करेंगे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, सतीश ढौंढियाल, कुशाल राणा, गौरी थपलियाल, षिवानी भारती, विषाल खरोला, अमित भटट, रणबीर कंडरी, अनिल सिंह अन्नु, अनिता धनाई, कमला थपलियाल, विलय रमोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.