बहू के मायके वालों ने ससुराल में घुसकर सास और ननद को किया लहूलुहान

0 5
Siv arora
Spread the love

बहू के मायके वालों ने ससुराल में घुसकर सास और ननद को किया लहूलुहान

​लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से किया जानलेवा हमला; 5-6 अज्ञात सहित कई लोगों के खिलाफ शिकायत

(रिपोर्ट -सुमित शर्मा)

​पिनाहट। बसई अरेला थाना क्षेत्र के एक गांव में शाम करीब 7:00 बजे घरेलू कलह के चलते एक घर पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया गया। बहू के मायके और उसके परिवार के लोगों ने साथियों के साथ मिलकर ससुराल में घुसकर जमकर तांडव मचाया। इस हमले में सास और उनकी शादीशुदा बेटी ननद गंभीर रूप से घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग इकट्ठा हुए, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
​एक साल पहले हुई थी शादी, चल रहा था विवाद
​जानकारी के अनुसार, लटूरी सिंह के पुत्र सत्येंद्र की शादी करीब एक वर्ष पूर्व मधु के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर परिवार में आपसी विवाद चल रहा था। रविवार शाम को इसी विवाद ने तूल पकड़ लिया। बहू मधु के मायके पक्ष के लोग पूरी तैयारी के साथ लटूरी सिंह के घर धमक पड़े।
​घर में अकेली महिलाओं को बेरहमी से पीटा
​घटना के समय लटूरी सिंह की पत्नी माल्ला देवी और उनकी शादीशुदा बेटी शिव कुमारी पत्नी सतीश, जो इन दिनों अपने मायके आई हुई थी, घर पर मौजूद थीं। आरोप है कि बहू के परिवार वालों ने अपने साथ आए 5 से 6 अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर अचानक घर पर धावा बोल दिया।
​हमलावरों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर माल्ला देवी और शिव कुमारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन पर ईंट-पत्थरों से भी ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
​लहूलुहान हालत में दोनों घायल महिलाओं को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों को काफी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
​पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की तरफ से नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.