रंगों में सजी बच्चों की कल्पनाएं, ओक ग्रोव स्कूल ने जीती नवीन शर्मा स्मृति कला प्रतियोगिता की रनिंग ट्रॉफी
रंगों में सजी बच्चों की कल्पनाएं, ओक ग्रोव स्कूल ने जीती नवीन शर्मा स्मृति कला प्रतियोगिता की रनिंग ट्रॉफी
5 पुरस्कार जीतकर ओक ग्रोव स्कूल बना चैंपियन
मसूरी। बच्चों की कल्पनाओं ने जब कैनवास पर रंगों का रूप लिया तो कहीं प्रकृति की सुंदरता उभरी तो कहीं उनकी रचनात्मक सोच ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मौका था लायंस क्लब मसूरी हील्स की ओर से आयोजित नवीन शर्मा स्मृति कला प्रतियोगिता का, जिसमें ओक ग्रोव स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पुरस्कार अपने नाम किए और प्रतियोगिता की रनिंग ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज दूसरे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता का आयोजन लायन मदन मोहन शर्मा द्वारा अपने पुत्र नवीन शर्मा की स्मृति में पिछले 32 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने और रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।
इस अवसर पर मदन मोहन शर्मा ने कहा कि अपने पुत्र नवीन शर्मा की स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से उन्होंने इस कला प्रतियोगिता की शुरुआत की थी। बीते 32 वर्षों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अपार प्रतिभा होती है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की है। कला बच्चों की कल्पनाशीलता, संवेदनशीलता और आत्मविश्वास को विकसित करने का माध्यम है। प्रतियोगिता के जरिए उनका प्रयास है कि बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले और वे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों।उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में बच्चों की भागीदारी और उनकी कलाकृतियां देखकर उन्हें विशेष संतोष मिलता है। नवीन शर्मा की स्मृति में शुरू हुआ यह आयोजन आज एक परंपरा का रूप ले चुका है, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी हर वर्ष उत्साह से शामिल होते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी चमोली (सेवानिवृत्त डीआईजी) ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। विशिष्ट अतिथि मनोज रायल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ कला और रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सुरभि रावत, सृष्टि करनेवाल और माधुरी शर्मा ने निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों की कलाकृतियों का मूल्यांकन किया। ग्रुप ए में प्रथम: पुष्पा रानी, द्वितीय: अतुल्य सार्थक और तृतीय: आराध्या आनंद
ग्रुप बी में प्रथम: सोनाक्षी प्रिया,द्वितीय: रिदम गुप्ता
ग्रुप सी और तृतीय: ऋतिक राज रहे। ओक ग्रोव स्कूल के विद्यार्थियों ने कुल पांच पुरस्कार जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया और रनिंग ट्रॉफी अपने नाम की।
इस अवसर पर लायन प्रवीण गुप्ता, राजीव अग्रवाल, के. गुप्ता, मधुलिका माथुर, लायन मदन मोहन शर्मा, माधुरी शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Comments are closed.