
बेस अस्पताल में मरीजों के बीच पहुंचे शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत-वार्ड-वार्ड जाकर जाना हालचाल


श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल श्रीनगर का दौरा कर अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने विभिन्न विभागों में पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार,स्वास्थ्य स्थिति तथा अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर,संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री के अस्पताल पहुंचने से मरीजों और उनके परिजनों में भी उत्साह देखने को मिला। डॉ.रावत ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए मरीजों से सीधे संवाद किया और उनसे उपचार के दौरान मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित चिकित्सकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। डॉ.धन सिंह रावत ने सबसे पहले नेत्र रोग विभाग की बाह्य रोगी चिकित्सा इकाई में पहुंचकर मरीजों से बातचीत की। उन्होंने मरीजों से उनके उपचार,जांच और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी मरीजों के उपचार की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में पहुंचकर भर्ती महिला मरीज का हालचाल जाना। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों से महिला मरीज के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति के संबंध में जानकारी ली तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने आपातकालीन विभाग में भर्ती महिला मरीज से भी मुलाकात की। उन्होंने मरीज के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों से उपचार की वर्तमान स्थिति के बारे में पूछा। डॉ.रावत ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीज को समय पर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल में दूर-दराज के पर्वतीय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के दौरान अनावश्यक परेशानी न हो,इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ.ए.एन.पांडेय,उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ.दीपा हटवाल,डॉ.सतीश कुमार तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.नवज्योति बोरा ने शिक्षा मंत्री को अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति,उपचार व्यवस्था और संबंधित विभागों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी। डॉ.रावत ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार की आवश्यकता है। सरकार का प्रयास है कि श्रीनगर बेस अस्पताल को पर्वतीय क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर और विश्वसनीय चिकित्सा केंद्र के रूप में और अधिक सशक्त बनाया जाए। मरीजों ने जताया आभार
शिक्षा मंत्री एवं अपने क्षेत्रीय विधायक को अस्पताल में अपने बीच पाकर मरीजों और उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। मरीजों ने व्यक्तिगत रूप से उनका हालचाल जानने और उपचार संबंधी जानकारी लेने पर डॉ.धन सिंह रावत का आभार जताया। कई मरीजों ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी अपनी बात मंत्री के समक्ष रखी। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए अनावश्यक रूप से मैदानी क्षेत्रों की ओर न जाना पड़े। इसके लिए बेस अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं,संसाधनों और व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक व्यवहार,समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना चिकित्सा व्यवस्था की मूल जिम्मेदारी है। शिक्षा मंत्री के इस दौरे को अस्पताल में मरीजों की समस्याओं को सीधे समझने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस दौरान भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,जिला पंचायत सदस्य टिला डॉ.शिवचरण नौडियाल सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
