शराबियों के अड्डे पर महापौर की सख्ती-वार्ड 23 की ठेके वाली गली में पुलिस गश्त और सीसीटीवी से कसेगा शिकंजा

0 8
Siv arora
Spread the love

शराबियों के अड्डे पर महापौर की सख्ती-वार्ड 23 की ठेके वाली गली में पुलिस गश्त और सीसीटीवी से कसेगा शिकंजा

श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ महापौर आरती भण्डारी ने सख्त रुख अपनाया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर शुक्रवार को महापौर ने वार्ड संख्या 23 स्थित टीजीएमओयू अड्डे के पीछे ठेके वाली गली का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। गली में आए दिन शराब पीकर बैठने वाले लोगों और उनके द्वारा स्थानीय नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत को महापौर ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने महापौर को बताया कि गली में कुछ लोग दिन के समय भी खुलेआम शराब का सेवन कर काफी देर तक बैठे रहते हैं। शराब के नशे में उनके द्वारा आने-जाने वाले लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं,बुजुर्गों और बच्चों को इस मार्ग से आवागमन के दौरान असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। लोगों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के कारण वे स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हैं। स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद महापौर आरती भण्डारी ने मौके से ही श्रीनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक से दूरभाष पर वार्ता की और गली में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने अथवा आम नागरिकों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। महापौर ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक स्थल को असामाजिक तत्वों अथवा शराबियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। नगर निगम की ओर से सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संबंधित गली में सीसीटीवी कैमरा लगाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सीसीटीवी की निगरानी से क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने में पुलिस एवं प्रशासन को भी मदद मिलेगी।

सफाई व्यवस्था पर भी महापौर ने दिखाई सख्ती

निरीक्षण के दौरान गली की सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। जगह-जगह कूड़ा एकत्र होने तथा कुछ लोगों द्वारा बाहर से कूड़ा लाकर गली में डालने की शिकायत स्थानीय नागरिकों ने महापौर के समक्ष रखी। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर निगम के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक को क्षेत्र की सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने तथा कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। महापौर आरती भण्डारी ने कहा कि श्रीनगर शहर को स्वच्छ,सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नागरिकों की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। जहां कहीं भी असामाजिक गतिविधियों की शिकायत सामने आएगी,वहां संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में महिलाओं,बुजुर्गों,बच्चों और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए पुलिस गश्त,सीसीटीवी निगरानी और स्वच्छता व्यवस्था को एक साथ मजबूत किया जाएगा। महापौर की इस पहल का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया। लोगों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर महापौर के स्वयं मौके पर पहुंचने से उन्हें उम्मीद जगी है कि अब गली में शराब पीकर बैठने वाले लोगों और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त और सीसीटीवी व्यवस्था को क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। महापौर के निरीक्षण के बाद अब वार्ड 23 की इस गली में सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के साथ असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की उम्मीद बढ़ गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.