जनता दर्शन बना समाधान का मंच-शिकायत मिलते ही हरकत में आया प्रशासन,28 मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

0 6
Siv arora
Spread the love

जनता दर्शन बना समाधान का मंच-शिकायत मिलते ही हरकत में आया प्रशासन,28 मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनसमस्याओं के समाधान को लेकर पौड़ी जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली अब केवल शिकायतें दर्ज करने तक सीमित नहीं रह गई है,बल्कि शिकायत से समाधान तक की व्यवस्था को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रभावी पहल दिखाई दे रही है। जनता दर्शन एवं जनता मिलन कार्यक्रमों में सामने आ रही समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेने के साथ-साथ पूर्व में दर्ज शिकायतों का भी लगातार फॉलोअप किया जा रहा है। यही वजह है कि आमजन में प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत होता दिखाई दे रहा है। सोमवार को जिला सभागार में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में 28 शिकायतें एवं समस्याएं सामने आईं। आयुक्त ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण एवं धरातल पर दिखाई देने वाला निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत का समाधान केवल सरकारी अभिलेखों में दर्ज होकर पूरा नहीं माना जाएगा,बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना जरूरी है। पानी की समस्या पर दो दिन में मरम्मत,तब तक टैंकर से होगी आपूर्ति बल्ली गांव के ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत जनता दर्शन में रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर पाइपलाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मरम्मत पूरी होने तक ग्रामीणों को टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया,ताकि समस्या के समाधान तक लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। भिताईं मल्ली की ग्राम प्रधान मंजू नेगी ने गांव के मार्ग में झाड़ियों के कारण आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए बुशकटर उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही बुशकटर उपलब्ध करा दिया गया। जनता दर्शन में हुई यह त्वरित कार्रवाई इस बात का उदाहरण बनी कि प्रशासन केवल समस्या सुन नहीं रहा,बल्कि जहां तत्काल समाधान संभव है,वहां मौके पर ही राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। 10 साल पुराना मुआवजा मामला भी प्राथमिकता पर सतपुली-पैडुल मोटर मार्ग पर सड़क कटिंग के मुआवजे का मामला 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित होने की शिकायत भी सामने आई। लंबे समय से लंबित इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को मामले का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। संबंधित अमीन को भूमि संबंधी आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूरी करने को कहा गया,ताकि वर्षों से मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे प्रभावित लोगों को राहत मिल सके। वाहन सरेंडर करने के दौरान बकाया धनराशि जमा किए जाने के बावजूद बकाया दर्शाए जाने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी को मामले का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही परिवहन कार्यालय परिसर में अनधिकृत एजेंटों की मौजूदगी की शिकायत पर भी कार्रवाई करने को कहा गया। तहसील मार्ग की खराब स्थिति एवं निराश्रित पशुओं की समस्या को लेकर आयुक्त ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को सड़क के गड्ढे भरवाने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शहर में खराब पड़ी विद्युत लाइटों को दुरुस्त कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया। ग्राम कठूड़़ में घरों के आसपास भालू की आवाजाही की शिकायत पर ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए एक सप्ताह के भीतर सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं सीली मल्ली गांव में ग्राम प्रधान की पात्रता से संबंधित शिकायत पर एडीपीआरओ को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। राज्य आंदोलनकारी की सूची में नाम दर्ज न होने से संबंधित शिकायत पर भी नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। कल्जीखाल विकासखंड के ग्राम रौड़ में सड़क कटिंग के कारण मंदिर की दीवार में दरार आने की शिकायत पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करते हुए अगले सोमवार से पहले आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन आवासीय भवनों पर खतरा बना हुआ है,वहां तत्काल स्थलीय निरीक्षण किया जाए। स्थायी सुरक्षा कार्य होने तक वायर क्रेट आदि के माध्यम से भवनों को सुरक्षित करने की व्यवस्था की जाए,ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके। जनता दर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना,पोल्ट्री फार्म,स्थायी निवास प्रमाण-पत्र,गांवों की स्वच्छता,सोलर लाइट,मंदिर जीर्णोद्धार तथा पेयजल पाइपलाइन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। पुरानी शिकायतों पर भी प्रशासन की नजर,फॉलोअप से निकल रहे समाधान

जनता दर्शन की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि प्रशासन ने केवल नई शिकायतों पर ही कार्रवाई नहीं की,बल्कि पूर्व में जनता मिलन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों का भी फॉलोअप किया जा रहा है। पौड़ी गांव के ग्रामीणों ने खुले में घूम रहे पालतू सूअरों से खेती और खड़ी फसलों को हो रहे नुकसान की शिकायत की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद पौड़ी ने संबंधित सूअर पालकों को नोटिस जारी कर पालतू सूअरों को निर्धारित बाड़ों में रखने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन सूअर पालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 5,000 रुपये का चालान किया गया। ग्राम पंचायत बड़कोट के प्रतिनिधियों द्वारा अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र खिपलाधार से ग्राम बड़कोट स्थित खैरालिंग मंदिर मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग रखी गई थी। शिकायत के फॉलोअप में लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 4.25 किलोमीटर मार्ग के कार्य के लिए 330.32 लाख रुपये की धनराशि का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसी तरह ग्राम कुनकली क्षेत्र में घण्डियालधार-कुनकली-अलासू-बेहेड़ाखाल संपर्क मार्ग के डामरीकरण एवं सफाई की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने किलोमीटर 13 से 17 तक के विस्तृत आगणन का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रगति विहार श्रीनगर के नागरिकों द्वारा पीपल के पेड़ को काटे जाने पर रोक लगाने तथा ई-लाइब्रेरी के लिए वैकल्पिक स्थान चयनित किए जाने संबंधी शिकायत पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर द्वारा जांच की गई। जांच के बाद संबंधित भूमि से पूर्व में हुआ अवैध अतिक्रमण हटाया गया। वहीं विद्यालय परिसर में जनहित एवं छात्रहित को ध्यान में रखते हुए ई-लाइब्रेरी निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। इससे शिकायतकर्ता की अपेक्षा के अनुरूप मामले का समाधान सुनिश्चित हुआ। ग्राम ताल विकासखंड पाबों के झंगरोली क्षेत्र में हॉट मिक्स प्लांट से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला खान अधिकारी एवं तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्लांट बंद मिला। संबंधित कंपनी को आवश्यक अनुमतियां प्राप्त होने तक प्लांट का संचालन नहीं करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत मैन्दणी विकासखंड रिखणीखाल में विकास कार्यों से संबंधित शिकायत पर जिला पंचायती राज अधिकारी द्वारा जांच एवं संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया। जांच के बाद ग्राम पंचायत में गेट निर्माण एवं ओपन जिम से संबंधित कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। इससे स्पष्ट है कि जनता दर्शन और जनता मिलन को केवल औपचारिक जनसुनवाई न बनाकर शिकायतों के समाधान और उनके फॉलोअप की व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी समीक्षा,शिकायतकर्ता से लिया जाएगा फीडबैक

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों एवं उनके निस्तारण की भी समीक्षा की गई। आयुक्त आनंद स्वरूप ने निस्तारित शिकायतों पर अधिकारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि शिकायत का निस्तारण कागजों में नहीं,बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने तत्काल समाधान वाली शिकायतों को शीघ्र निस्तारित करने तथा लंबी अवधि वाले मामलों में शिकायतकर्ता को कार्रवाई की प्रगति की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लेने को कहा,ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि जिस समस्या को निस्तारित बताया गया है,उसका वास्तव में समाधान हुआ भी है या नहीं। आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर जनता से मिलने का निर्धारित समय तय करे। आमजन को अपनी समस्या लेकर बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय स्तर पर नियमित जनसुनवाई और प्रभावी फॉलोअप जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन और जनता मिलन की सफलता शिकायतों की संख्या में नहीं,बल्कि उनके समाधान में है। तत्काल संज्ञान,समयबद्ध कार्रवाई,पुरानी शिकायतों का फॉलोअप और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक-यही सुशासन की वास्तविक कसौटी है। प्रशासन की इस कार्यप्रणाली से जहां आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ रही है,वहीं अधिकारियों की जवाबदेही भी स्पष्ट रूप से तय हो रही है। यदि शिकायतों के समाधान की यही गति और फॉलोअप आगे भी जारी रहता है तो जनता दर्शन महज जनसुनवाई का कार्यक्रम न रहकर आम आदमी को प्रशासन से सीधे जोड़ने वाला प्रभावी समाधान मंच बन सकता है। इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी,डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी,एडीएम एफआर चौहान,संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात,पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,डीडीओ रमेश चंद्र,सीओ तपेश कुमार चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.