बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: ऑटोमोबाइल वर्कशॉप से 14 वर्ष से कम उम्र का बच्चा रेस्क्यू

0 84
Siv arora
Spread the love

बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: ऑटोमोबाइल वर्कशॉप से 14 वर्ष से कम उम्र का बच्चा रेस्क्यू

रुद्रपुर, बाल श्रम उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रम विभाग ने गुरुवार को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप से 14 वर्ष से कम आयु के बाल श्रमिक को मुक्त कराया। मामले में नियोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी, रुद्रपुर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम तथा जिला टास्क फोर्स के सदस्य शामिल रहे। संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया, जिसके दौरान एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में एक बच्चा कार्य करते हुए पाया गया।

जांच के दौरान बच्चे की आयु 14 वर्ष से कम पाई गई। इसके बाद बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम-2016 के प्रावधानों के तहत बच्चे को तत्काल कार्य से हटाकर सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

श्रम विभाग ने संबंधित नियोजक के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

विभाग ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों एवं नियोजकों से अपील की है कि वे 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी प्रकार के कार्य में नियोजित न करें तथा 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को खतरनाक उद्योगों एवं प्रक्रियाओं में कार्य पर न लगाएं। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.