परशुराम चौक पर पैदल यात्रियों के लिए खुलेगा कट – फुट ओवरब्रिज बनने तक बनेगी जेब्रा क्रॉसिंग – महापौर विकास शर्मा ने निरीक्षण कर दिये निर्देश

0 12
Siv arora
Spread the love

परशुराम चौक पर पैदल यात्रियों के लिए खुलेगा कट

– फुट ओवरब्रिज बनने तक बनेगी जेब्रा क्रॉसिंग

– महापौर विकास शर्मा ने निरीक्षण कर दिये निर्देश

रूद्रपुर। नैनीताल हाईवे स्थित परशुराम चौक पर कट बंद होने से पैदल यात्रियों को हो रही परेशानी और हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने लोगों की सुरक्षा के लिए पहल शुरू कर दी है। सोमवार को महापौर ने नगर निगम की टीम, व्यापार मंडल एवं ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने फुट ओवरब्रिज का निर्माण होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित कट खोलने और जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के निर्देश दिये।

 

बता दें कि नैनीताल हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए परशुराम चौक का कट बंद किया गया था। कट बंद होने के बाद आसपास के व्यापारियों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं राहगीरों को हाईवे पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोग जान जोखिम में डालकर तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करने को मजबूर थे। बीते दिनों इसी स्थान के पास सड़क पार कर रही एक महिला की जेसीबी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गयी थी। घटना के बाद लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गयी थी।

 

मामले का संज्ञान लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। हाईवे पर आवाजाही करने वाले लोगों, विशेषकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की परेशानी को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

 

महापौर ने कहा कि परशुराम चौक पर दोनों ओर जेब्रा क्रॉसिंग बनायी जायेगी और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जायेगा। इस कट को यू-शेप में तैयार किया जायेगा, ताकि इससे बाइक या अन्य वाहन नहीं निकल सकें और इसका उपयोग केवल पैदल आने-जाने वाले लोग ही कर सकें। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और लोगों को राहत मिलेगी।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह व्यवस्था अस्थायी समाधान है। हाईवे पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के स्थायी समाधान के लिए परशुराम चौक और सिंचाई विभाग कार्यालय के पास फुट ओवरब्रिज निर्माण की पहल शुरू कर दी गयी है। इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता की गयी है और परियोजना निदेशक को लिखित पत्र भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि फुट ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सकारात्मक सहमति मिल चुकी है और उम्मीद है कि जल्द ही इस दिशा में कार्य आगे बढ़ेगा।

 

महापौर ने कहा कि रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक एवं व्यावसायिक शहर है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना भी जरूरी है। केवल सड़कों को चौड़ा करना ही विकास नहीं है, बल्कि शहरवासियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना भी हमारी जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने कहा कि हाईवे पार करने वाले स्कूली बच्चों, श्रमिकों, व्यापारियों, महिलाओं और बुजुर्गों को फुट ओवरब्रिज बनने से बड़ी राहत मिलेगी। भविष्य में भी जहां जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यकता होगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिये जायेंगे। रुद्रपुर को सुरक्षित, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।

 

इस दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.