कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठे महापौर – विकास शर्मा बोले, अपराधी के साथ नहीं, अपने नगर निगम परिवार और वाल्मीकि समाज के साथ खड़ा हूं

0 7
Siv arora
Spread the love

कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठे महापौर

 

– विकास शर्मा बोले, अपराधी के साथ नहीं, अपने नगर निगम परिवार और वाल्मीकि समाज के साथ खड़ा हूं

– गरीब के आंसुओं पर राजनीति करने वालों का मुख्यमंत्री के सामने होगा खुलासा

रुद्रपुर। काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास कार और स्कूटी की भिड़ंत के बाद कथित मारपीट में घायल नगर निगम सफाई कर्मचारी के पुत्र अभिषेक की गंभीर हालत और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर वाल्मीकि समाज तथा नगर निगम पर्यावरण मित्रों के साथ महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को नगर निगम परिसर में धरना दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी और कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक वह स्वयं भी कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठे रहेंगे।

 

महापौर विकास शर्मा ने धरना स्थल पर कहा कि जब तक अपराधी गिरफ्तार नहीं होंगे और मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक मैं खुद इनके साथ धरने पर बैठा रहूंगा। मैंने कल भी कहा था कि मैं कर्मचारियों के साथ हूं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए इस मामले को तूल देने और कर्मचारियों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों को उनके खिलाफ भड़काने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कर्मचारियों और समाज के लोगों को गुमराह किया जा रहा है, उसका जवाब दिया जाएगा। महापौर ने कहा कि उन्हें यह भी जानकारी है कि रात में किसने अपने घर पर बैठक की और किस तरह लोगों को बुलाकर आगे क्या करना है, इसकी रणनीति समझाई गई।

 

महापौर ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह कभी अपराधी के साथ खड़े नहीं हो सकते। मेरा परिवार मेरे लिए पहले है। तीन दिन से हमारे परिवार का बच्चा अस्पताल में जीवन और मृत्यु के बीच झूल रहा है, लेकिन किसी को उसकी चिंता नहीं है। कुछ लोग इस मामले में भी अपना राजनीतिक स्वार्थ निकालने में लगे हैं।

 

उन्होंने कहा कि नगर निगम के पार्षद और कर्मचारी उनके परिवार का हिस्सा हैं। हमारे पार्षद और हमारे नगर निगम के कर्मचारी एक परिवार हैं और हर सुख दुख में हम एक दूसरे के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि घायल युवक के उपचार में जहां भी पैसे की आवश्यकता होगी, वहां किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।

 

महापौर ने कहा कि उन्हें ऐसे लोगों से घृणा होती है, जो उन्हें नीचा दिखाने के लिए इस स्तर तक गिर गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें कर्मचारियों का दुश्मन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कर्मचारियों से पहले भी स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि वह कभी कर्मचारियों के खिलाफ रहे हों तो वह इस्तीफा देने को तैयार हैं।

 

उन्होंने कहा कि मैं, मेरी सरकार और नगर निगम वाल्मीकि समाज के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस अपना काम कर रही है और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी जब तक धरने पर बैठेंगे, तब तक वह भी उनके साथ धरने पर बैठे रहेंगे। कर्मचारियों का जो निर्णय होगा, वह उसके साथ खड़े रहेंगे।

 

महापौर ने कहा कि शर्म आनी चाहिए ऐसे लोगों को, जो वाल्मीकि समाज को उकसाने का काम कर रहे हैं और कर्मचारियों तथा उनके बीच दीवार खड़ी करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी गरीब के आंसुओं पर राजनीति की जा रही है। इस पूरे मामले का खुलासा मुख्यमंत्री के सामने किया जाएगा।

 

महापौर ने स्पष्ट कहा कि वह किसी राजनीतिक लाभ के लिए धरने पर नहीं बैठे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने नगर निगम परिवार और उन सफाई कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं, जो रात दिन शहर को साफ रखने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक घायल कर्मचारी के पुत्र को पूरा न्याय नहीं मिलता और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक यह धरना समाप्त नहीं होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.