एसएसपी अजय गणपति ने की मासिक अपराधों की समीक्षा—कानून-व्यवस्था से लेकर साइबर सुरक्षा तक, हर मोर्चे पर पुलिसिंग होगी और अधिक प्रभावी

0 13
Siv arora
Spread the love

*एसएसपी अजय गणपति ने की मासिक अपराधों की समीक्षा—कानून-व्यवस्था से लेकर साइबर सुरक्षा तक, हर मोर्चे पर पुलिसिंग होगी और अधिक प्रभावी

 

*मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, त्योहारों की सुरक्षा, मानसून आपदा प्रबंधन, नशा तस्करी, सत्यापन एवं साइबर अपराध पर दिए कड़े निर्देश*

 

*आगामी त्योहारों के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी पुलिस गश्त, अराजक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर*

 

*मानसून आपदा प्रबंधन के लिए सभी राहत एवं बचाव उपकरणों को रेडी मोड में रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने के निर्देश।*

 

*ऑपरेशन प्रहार एवं ऑपरेशन लगाम के तहत नशा तस्करों एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के दिए आदेश।*

 

*किरायेदारों, घरेलू नौकरों, बाहरी व्यक्तियों एवं संदिग्धों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश।*

 

*लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाएगा निस्तारण ।*

 

➡️ *साइबर अपराध के प्रति जागरूकता हेतु स्कूल-कॉलेजों में चलाए जाए विशेष अभियान*

 

*उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित*

 

 

*पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित हुई मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी*

आज दिनांक 24 अगस्त 2026 को पुलिस कार्यालय रुद्रपुर के सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर  अजय गणपति की अध्यक्षता में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सम्मेलन आयोजित किया गया।

 

गोष्ठी से पूर्व आयोजित सम्मेलन में एसएसपी महोदय द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

इसके पश्चात जनपद में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, अभियानों की प्रगति, आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन एवं साइबर अपराध की रोकथाम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।

 

*1. आगामी त्योहारों पर रहेगी विशेष सतर्कता*

एसएसपी अजय गणपति ने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाए। अफवाह फैलाने वालों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी एवं स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

 

*2. मानसून आपदा प्रबंधन को लेकर ‘रेडी मोड’ में रहने के निर्देश*

मानसून के दृष्टिगत जलभराव, अत्यधिक वर्षा एवं अन्य आपात परिस्थितियों की समीक्षा करते हुए एसएसपी महोदय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा राहत एवं बचाव से संबंधित सभी उपकरण हर समय दुरुस्त एवं रेडी मोड में रखे जाएं।

 

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस का क्विक रिस्पांस सुनिश्चित होना चाहिए तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए।

 

*3. लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं*

एसएसपी ने लंबित अभियोगों एवं विवेचनाओं की थाना एवं क्षेत्रवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

लंबित मामलों में अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित विवेचक की जवाबदेही तय करने तथा क्षेत्राधिकारियों द्वारा विवेचनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

 

*4. ‘ऑपरेशन प्रहार’ एवं ‘ऑपरेशन लगाम’ को और प्रभावी बनाने के निर्देश*

नशा तस्करी एवं संगठित अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार की प्रगति की समीक्षा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने नशा तस्करों के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने पर विशेष जोर दिया।

 

उन्होंने निर्देश दिए कि केवल नशे की बरामदगी एवं गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित न रखते हुए तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंच बनाई जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट एवं PIT-NDPS जैसी प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

साथ ही सक्रिय अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने एवं उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

 

*5. बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन*

अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसएसपी महोदय ने जनपद में सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए।

 

इसके तहत किरायेदारों, घरेलू नौकरों, बाहरी व्यक्तियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने तथा सत्यापन में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 

*6. साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर*

एसएसपी महोदय ने साइबर अपराध की रोकथाम के लिए स्कूलों एवं कॉलेजों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा आमजन को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों में त्वरित कार्रवाई एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

 

*7. उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित*

मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, लगन एवं उत्कृष्टता के साथ निर्वहन करने वाले 22 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एसएसपी अजय गणपति द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

एसएसपी महोदय ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पण एवं उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी सम्मानित किया जाएगा।

*एसएसपी अजय गणपति का स्पष्ट संदेश*

“जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसिंग में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी ।”

*इस दौरान जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी एवं सभी शाखा प्रभारी तथा अन्य पुलिस कर्मचारी/अधिकारी उपस्थित रहे।*

Leave A Reply

Your email address will not be published.