
महापौर विकास शर्मा ने किया कैंप कार्यालय का शुभारंभ

पूजा-अर्चना एवं हवन के साथ शुरू हुआ कार्यालय, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं
जनता से सीधे संवाद और समस्याओं के त्वरित समाधान का बनेगा माध्यम

रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने शुक्रवार को अपने निजी आवास पर नगर निगम के कैंप कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर महापौर ने परिवारजनों के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन कर भगवान श्रीकृष्ण से महानगर की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।
कैंप कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर नगर निगम के पार्षदगण, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा साथी और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने महापौर विकास शर्मा को कैंप कार्यालय के शुभारंभ पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यालय जनता और नगर निगम के बीच समन्वय को और मजबूत करेगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह कैंप कार्यालय पूरी तरह रुद्रपुर की जनता को समर्पित है। महानगर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों को अपनी समस्याओं और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए नगर निगम कार्यालय तक पहुंचने में कई बार असुविधा का सामना करना पड़ता है। कैंप कार्यालय शुरू होने से क्षेत्रवासियों को अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रखने के लिए एक अतिरिक्त और सुलभ माध्यम उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान का प्रयास किया जाएगा। सड़क, नाली, पेयजल, सफाई, पथ प्रकाश, निर्माण कार्य, प्रमाणपत्र और नगर निगम से संबंधित अन्य जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही शहर के विकास से जुड़े सुझाव भी आम जनता, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से लिए जाएंगे।
महापौर ने कहा मेरा संकल्प है कि रुद्रपुर की जनता को सुगम, सरल और संवेदनशील जनसेवा उपलब्ध हो। प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की बात सुनी जाए और उसके कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए। यह कैंप कार्यालय जनता से सीधे संवाद, समस्याओं की नियमित सुनवाई और उनके शीघ्र निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम कार्यालय के साथ-साथ कैंप कार्यालय के माध्यम से भी जनसमस्याओं की सुनवाई होने से व्यवस्थाएं अधिक प्रभावी होंगी। इससे वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी और जनता की अपेक्षाएं सीधे उन तक पहुंच सकेंगी। प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित महानगर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों के सहयोग से योजनाबद्ध रूप से कार्य किया जा रहा है। कैंप कार्यालय भी जनसेवा और विकास की इसी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महापौर विकास शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर कैंप कार्यालय के शुभारंभ की बधाई दी।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्री रामपाल सिंह जी श्री उत्तम दत्ता, जिला अध्यक्ष श्री कमल जिंदल, जिला उपाध्यक्ष श्री हिमांशु शुक्ला जिला कोषाध्यक्ष श्री रोशन अरोरा जिला महामंत्री श्री तरुण दत्ता, पार्षद प्रमोद शर्मा पार्षद पवन राना मोहन तिवारी, मुकेश शर्मा, राजेश जग्गा,दलीप अधिकारी, भरत शाह, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल पार्षद पवन राणा मानवेंद्र राय बीनू संतोष गुप्ता नूरुद्दीन अशफाक विक्की अंसारी चन्द्रसेन चंदा राजेश जग्गा चिराग कालरा नामित पार्षद राजन राठौर, ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ संजीव शर्मा धीरू त्रिपाठी मोर सिंह यादव जितेंद्र संधू गौरव जुयाल चंदन भट्ट आशीष छाबड़ा आशीष यादव धर्मेंद्र सैनी छात्र संघ अध्यक्ष रजत सिंह बिष्ट अभिषेक दास गुप्ता, मोहन तिवारी जी, अर्चना राय पिंकी चतुर्वेदी ममता त्रिपाठी आशा मुंजाल स्वाति शर्मा आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे ।।
