विवादित खेत की पैमाइश के दौरान हंगामा, पुलिस और राजस्व टीम के सामने युवक पर लाठियों से हमला

0 48
Siv arora
Spread the love

विवादित खेत की पैमाइश के दौरान हंगामा, पुलिस और राजस्व टीम के सामने युवक पर लाठियों से हमला

 

दिल्ली से बहन के घर आए युवक को लाठियों से पीटकर किया घायल, आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर

पिनाहट। पिढोरा थाना पिढोरा क्षेत्र के अंतर्गत गाँव विजय की गढ़ी में एक विवादित खेत पर पुलिस और राजस्व टीम की मौजूदगी में दबंगई का मामला सामने आया है। पैमाइश या जांच के दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने दूसरे पक्ष के युवक पर अचानक लाठियों से हमला बोल दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के करावल नगर (मुकुंद विहार) निवासी रामनरेश शर्मा पुत्र शिवचरन शर्मा पिछले करीब एक महीने से पिढोरा के गाँव विजय की गढ़ी में अपनी बहन प्रियंका पत्नी प्रवीन शर्मा के घर आए हुए हैं। गुरुवार (18 जून) दोपहर करीब 2:30 बजे रामनरेश अपनी बहन प्रियंका और फतेहाबाद के गाँव सांकुरी खुर्द से आए रिश्तेदार मुकेश शर्मा व नत्थीलाल शर्मा के साथ बहन के खेत पर गए थे।

खेत के विवाद को लेकर मौके पर पहले से ही पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम उपस्थित थी। आरोप है कि इसी दौरान गाँव विजय की गढ़ी के ही रहने वाले रमेशचन्द्र शर्मा पुत्र हरिवंशी प्रसाद शर्मा ने अचानक लाठी से रामनरेश पर हमला कर दिया। आरोपी ने पीड़ित के साथ सरेआम गाली-गलौज की और लाठियों से पीटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

सिर और कंधे पर आईं गंभीर चोटें

अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लाठी लगने के कारण पीड़ित रामनरेश के सिर, कंधे और कोहनी में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला। पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर आरोपी रमेशचन्द्र शर्मा के खिलाफ शिकायती पत्र देते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.