पत्नी ने प्रेमी का साथ चुना, टूट गया पति का हौसला; आत्महत्या प्रकरण में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

हरदोई। बहुचर्चित चंद्र प्रकाश आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद मृतक की पत्नी राजकुमारी और उसके कथित प्रेमी राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। कार्रवाई मृतक की मां रामकली की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में की गई। पुलिस के अनुसार, माधौगंज थाना क्षेत्र के लखनपुर निवासी चंद्र प्रकाश अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करता था। वहीं पड़ोस में रहने वाला उसका रिश्तेदार राहुल भी काम करता था। इसी दौरान राजकुमारी और राहुल के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इसकी जानकारी होने पर चंद्र प्रकाश पत्नी को लेकर गांव लौट आया, लेकिन दोनों का संपर्क बना रहा। कुछ समय बाद राजकुमारी ने राहुल के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में राजकुमारी ने पति के साथ रहने से इनकार करते हुए राहुल के साथ रहने की इच्छा जताई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह राहुल के साथ चली गई।पुलिस के मुताबिक, अदालत और थाने की कार्रवाई के दौरान चंद्र प्रकाश ने पत्नी को समझाने की काफी कोशिश की। उसने अपने दो वर्षीय बेटे का हवाला देकर घर लौटने की अपील भी की, लेकिन राजकुमारी अपने फैसले पर अड़ी रही। इससे आहत चंद्र प्रकाश थाने से बाहर निकला और सड़क पर गुजर रहे ट्रक के सामने कूद गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की मां ने बेटे की मौत के लिए राजकुमारी और राहुल को जिम्मेदार ठहराते हुए मुकदमा दर्ज कराया। विवेचना में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Comments are closed.