महापौर ने किया सब्जी मण्डी पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास – करीब 50 लाख की लागत से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

0 16
Siv arora
Spread the love

महापौर ने किया सब्जी मण्डी पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास

– करीब 50 लाख की लागत से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

रूद्रपुर । शहर की सबसे पुरानी सब्जी मण्डी अब जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नये स्वरूप में नजर आएगी। वर्षों से अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही सब्जी मण्डी के पुनर्निर्माण कार्य का शनिवार को महापौर विकास शर्मा ने विशाल जनसमूह और व्यापारियों की मौजूदगी में विधिवत शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान सब्जी मण्डी के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने महापौर का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया तथा उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित करते हुए आभार व्यक्त किया।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और आशीर्वाद से रूद्रपुर की ऐतिहासिक और सबसे पुरानी सब्जी मण्डी का करीब 50 लाख रुपये की लागत से कायाकल्प होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि दशकों से यहां के व्यापारी और खरीददारी के लिए आने वाले लोग बदहाल व्यवस्थाओं के बीच काम करने को मजबूर थे। बरसात के दिनों में हालत और भी खराब हो जाती थी। जलभराव, कीचड़ और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण व्यापारियों के साथ साथ ग्राहकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

महापौर ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने व्यापारियों से सब्जी मण्डी के पुनर्निर्माण और सुविधाओं के विस्तार का वादा किया था और आज उसी संकल्प को धरातल पर उतारने की शुरुआत हो गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं बल्कि व्यापारियों और आम जनता को बेहतर और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पुनर्निर्माण कार्य के तहत सब्जी मण्डी में आधुनिक शेड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे गर्मी, बरसात और खराब मौसम में व्यापारियों और ग्राहकों को राहत मिलेगी। इसके अलावा प्रत्येक व्यापारी के लिए अलग अलग व्यवस्थित स्टॉल बनाए जाएंगे। हर स्टॉल में पानी की टंकी और बिजली कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नई मण्डी में दोनों किनारों पर नालियां बनेंगी। और दोनों किनारों पर 16 फिट की सड़क होगी। मध्य में रोड से दो फिट उपर प्लेटफार्म बनेगा। जिसमें 6गुणा छह फिट की कार्ट बनाई जायेगी। कार्ड की मध्य से उंचाई आठ फिट रहेगी। पानी की सप्लाई के लिए बीच बीच में एक हजार लीटर के दो टैंक खे जायेंगे। प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाईट की व्यवस्था की जायेगी। मण्डी के प्रवेश द्वार पर भव्य गेट बनाया जायेगा। साथ ही मण्डी परिसर में साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन को भी बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं बल्कि रूद्रपुर के व्यापारिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम रूद्रपुर को आधुनिक और स्मार्ट शहर बनाने के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से रूद्रपुर में कई बड़ी विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती बल्कि हर वादे को पूरा करने का काम करती है।

उन्होंने कहा कि रूद्रपुर के विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं, जिन पर तेजी से कार्य शुरू हो चुका है। अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी रोड तक मिनी बाईपास निर्माण, गंगापुर रोड और भूरारानी रोड का चौड़ीकरण, नगर निगम का बहुमंजिला हाईटेक भवन, गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण और शहर की यातायात एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने से जुड़े कई बड़े कार्य जल्द ही रूद्रपुरवासियों को समर्पित किए जाएंगे।

महापौर ने कहा कि नगर निगम आने वाले समय में शहर के बाजारों, पार्कों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को और अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनाने की दिशा में भी कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर को उत्तराखंड के सबसे व्यवस्थित और विकसित शहरों में शामिल करना नगर निगम की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मुख्य बाजार भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष गुरमीत सिंह, देवभूमि व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र अरोरा, वरिष्ठ नेता वेद ठुकराल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी,वरिष्ठ नेता धर्म सिंह कोली, सुरेश कोली, नरेश सागर, पार्षद इंद्रजीत सिंह, पार्षद प्रमोद शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि मानवेंद्र राय, रेनू जुनेजा, ममता त्रिपाठी, किशन सुखीजा, शेर सिंह, बनवारी लाल, नंद लाल, पूरन लाल, धर्मेन्द्र कोली, राम प्रकाश, विश्वनाथ मौर्य, विनोद गुप्ता, बाबू कोली, तसव्वर, कमलेश गुप्ता, रोहताश, यादराम, राजा राम, गौतम कोली, भूरा, प्रेम शंकर समेत तमाम व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.