तीन साल बाद फिर साथ हुए पति-पत्नी, परिवार परामर्श केंद्र की पहल से बसा घर 

0 9
Siv arora
Spread the love

तीन साल बाद फिर साथ हुए पति-पत्नी, परिवार परामर्श केंद्र की पहल से बसा घर

शाहजहाँपुर। पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में गुरुवार को आयोजित सुनवाई के दौरान एक बिछड़ा परिवार फिर से एक हो गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र में कुल 15 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिनमें से एक दम्पत्ति ने आपसी समझौते के बाद पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।

मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र का है, जहां लगभग सात वर्ष पूर्व विवाह बंधन में बंधा दम्पत्ति पिछले तीन वर्षों से पारिवारिक विवाद के चलते अलग-अलग रह रहा था। पीड़िता अपनी पुत्री के साथ मायके में रह रही थी। परामर्श के दौरान महिला ने बताया कि उसके पति कोई स्थायी कार्य नहीं करते हैं और न ही परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त खर्च उपलब्ध कराते हैं, जिसके चलते उसे मायके में रहना पड़ रहा था।

परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। काउंसलिंग टीम ने पति-पत्नी को पारिवारिक रिश्तों का महत्व समझाते हुए आपसी संवाद और समझदारी से विवाद सुलझाने की सलाह दी। लंबे समय तक चली बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्ष पुनः साथ रहने के लिए राजी हो गए और आपसी सहमति से समझौता कर लिया।

समझौते के बाद दम्पत्ति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया। इस पहल को परिवारों को टूटने से बचाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है ।।

Leave A Reply

Your email address will not be published.