
रुद्रपुर में पत्नी पर बेवफाई का आरोप, कोर्ट पहुंचा पति; पुलिस ने शुरू की जांच

![]()
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एक वैवाहिक विवाद कानूनी लड़ाई में बदल गया है। भदईपुरा निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर विवाहेतर संबंध रखने, घर से नकदी और जेवर लेकर कथित प्रेमी के साथ चले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भदईपुरा वार्ड नंबर-14 निवासी व्यक्ति ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना-पत्र दाखिल कर अपनी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय के निर्देश पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, पीड़ित का विवाह वर्ष 2013 में रामपुर जनपद निवासी युवती से हुआ था। विवाह के बाद दोनों रुद्रपुर में रहने लगे। पति का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पत्नी का व्यवहार सामान्य नहीं था और वह अक्सर विवाद करती थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी महंगी वस्तुओं की मांग करती थी और मांग पूरी न होने पर झगड़ा करती थी।
पीड़ित ने न्यायालय में आरोप लगाया कि समय के साथ उसकी पत्नी का एक युवक से संपर्क बढ़ गया। उसके अनुसार, पत्नी देर रात सोशल मीडिया और वीडियो कॉल के माध्यम से उस युवक से बातचीत करती थी। विरोध करने पर कथित रूप से उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पति ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी के मायके पक्ष ने भी उसका साथ नहीं दिया और उसके साथ मारपीट की।
प्रार्थना-पत्र के मुताबिक वर्ष 2020 में दंपति के पुत्र का जन्म हुआ, लेकिन इसके बाद भी वैवाहिक संबंध सामान्य नहीं हो सके। पति का आरोप है कि 25 सितंबर 2025 को जब वह काम के सिलसिले में घर से बाहर था, तब उसकी पत्नी लगभग 20 हजार रुपये की नकदी, जेवरात, कपड़े और अपने पुत्र को लेकर कथित प्रेमी के साथ चली गई।
पीड़ित का कहना है कि उसने पहले रुद्रपुर कोतवाली और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी, उसका कथित प्रेमी और अन्य लोग लगातार उस पर तलाक देने का दबाव बना रहे हैं तथा जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों तथा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जांच जारी है और मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि विवेचना पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
