
ग्राम सचिवालय पर लगा दिया जय भीम लिखा नीला झंडा, पुलिस ने उतरवाकर तिरंगा लगवाया


हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्राम सचिवालय पर तिरंगा लगाया जाना है, लेकिन अनुसूचित समाज के लोगों ने गेट पर जय भीम लिखा नीला झंडा लगा दिया। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नीला झंडा उतरवाकर तिरंगा लगवा दिया। बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के ग्रामीण सचिवालय पर अनुसूचित समाज के लोगों ने जय भीम लिखा नीला झंडा लगा दिया तो उसी समुदाय के दूसरे पक्ष के लोगों ने ऐतराज जताया। नोकझोंक बढ़ने के बाद मामला थाने तक पहुंचा। इसमें एक पक्ष ने झंडा हटाने पर गांव से पलायन तक की चेतावनी दे डाली। बाद में पुलिस ने नीला झंडा उतरवाकर तिरंगा झंडा लगवा दिया। थाना हाफिजगंज के गांव बकैनिया में बने ग्राम सचिवालय पर दलित समाज के लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर का फोटो लगा नीला झंडा मुख्य द्वार पर लगा दिया, जिस पर जय भीम भी लिखा हुआ था। उसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने भीम आर्मी का झंडा बताकर विरोध करना शुरू कर दिया। मामला इतना तूल पकड़ा की दोनों पक्ष के लोग तहरीर लेकर थाने पहुंच गए। एक पक्ष ने नीले झंडे के ऊपर राष्ट्रीय ध्वज को भी लगा दिया। एक पक्ष ने तहरीर देकर कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज ही लगना चाहिए। इसके अलावा और कोई भी झंडा नहीं लगना चाहिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बात की। बाद में पुलिस ने नीला झंडा उतरवा दिया। सूचना पर हल्का लेखपाल जगदीश कुमार पहुंचे, जिन्होंने भी आला अधिकारियों को अवगत कराया।उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलने पर होगी कार्रवाई
हल्का इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि मौके पर जांच पड़ताल की। दोनों पक्षों से बात कर आला अधिकारियों को अवगत करा दिया है। जैसे ही कोई निर्देश मिलता है तो उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।