
ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते समय बाइक दुर्घटनाग्रस्त, युवक के पैरों पर चढ़े पहिए हालत गंभीर

दावत में शामिल होने जा रहा था युवक, पिनाहट सीएचसी में चल रहा इलाज
(रिपोर्ट -सुमित शर्मा)

पिनाहट । थाना पिनाहट क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार शाम को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में मोटरसाइकिल सवार युवक दुर्घटना का शिकार हो गया। अनियंत्रित होकर गिरने के कारण युवक के दोनों पैरों के ऊपर से ट्रैक्टर और ट्रॉली के पहिए गुजर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में घायल को पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव बीदापुरा निवासी जगराम (40 वर्ष) पुत्र रामदास शनिवार शाम को अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी दूसरे गांव में एक निमंत्रण (दावत) में शामिल होने जा रहे थे। शाम करीब 6:00 बजे जैसे ही वह रास्ते में पहुंचे, तो आगे चल रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान अचानक उनकी बाइक ट्रैक्टर के सामने आ गई और वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसा इतना खौफनाक था कि बाइक से गिरते ही जगराम के पैरों के ऊपर से ट्रैक्टर और ट्रॉली के पहिए एक के बाद एक निकल गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर राहगीर और स्थानीय लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल जगराम को परिजनों द्वारा तुरंत पिनाहट सीएचसी केंद्र लाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक का इलाज जारी है। घटना की जानकारी के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है।
