
दो बाइकों में भीषण भिड़ंत, दंपति गंभीर रूप से घायल; आगरा रेफर


(रिपोर्ट -सुमित शर्मा)
पिनाहट। कस्बा पिनाहट क्षेत्र के अंतर्गत भदरौली पेट्रोल पंप के पास शनिवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद आगरा हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होलूपुरा निवासी डिप्टी सिंह पुत्र श्रीराम अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से दवा लेने गए थे। शनिवार शाम करीब 5:00 बजे जब वे दवा लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी भदरौली पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को सामने से सीधी टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दंपति उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पिनाहट सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद भी दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई थी, जिसके चलते उन्हें तुरंत आगरा रेफर करना पड़ा। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है
