
अभिषेक के इलाज में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी, परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं: शिव अरोरा


राममूर्ति मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विधायक ने जाना अभिषेक का हाल, डॉक्टरों से वार्ता कर बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
रुद्रपुर। गंभीर रूप से घायल अभिषेक का भोजीपुरा स्थित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। इसी क्रम में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने राममूर्ति मेडिकल कॉलेज पहुंचकर अभिषेक का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उसके स्वास्थ्य एवं उपचार की विस्तृत जानकारी ली।
विधायक शिव अरोरा ने अभिषेक का उपचार कर रहे डॉ. हर्षित अग्रवाल से मरीज की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, चल रहे उपचार और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट कर्नल आर.पी. सिंह से भी वार्ता कर अभिषेक को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
विधायक अरोरा ने अभिषेक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह स्वयं तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि अभिषेक के बेहतर उपचार के लिए आवश्यकता पड़ने पर एम्स दिल्ली, ऋषिकेश अथवा देश के किसी अन्य बेहतर सरकारी चिकित्सा संस्थान में उपचार कराने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
शिव अरोरा ने कहा, “अभिषेक के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। रुद्रपुर का विधायक होने के नाते मैं स्वयं परिवार के साथ खड़ा हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ है। जरूरत पड़ने पर अभिषेक के उपचार के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।”
उन्होंने कहा कि अभिषेक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना वह स्वयं और समस्त रुद्रपुरवासी कर रहे हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि अभिषेक जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार और अपनों के बीच लौटे। इस कठिन समय में समस्त रुद्रपुरवासियों की दुआएं अभिषेक और उसके परिवार के साथ हैं।
इस दौरान सुनील यादव, सोनू मुल्तानी, मुकेश राजोरिया, संदीप वाल्मीकि, अंकित वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।
